शिक्षक दिवस पर गौरव का पल: 120 उत्कृष्ट शिक्षक सम्मानित, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को मिला राष्ट्रीय पुरस्कार
कौशाम्बी। "शिक्षक सम्मान से बढ़ता है शिक्षा का मान" के संकल्प के साथ शनिवार को उदयन सभागार, मंझनपुर में बेसिक शिक्षा विभाग के तत्वावधान में पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर शिक्षक दिवस का भव्य सम्मान समारोह आयोजित हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना सोनकर तथा विशिष्ट अतिथि राज्य महिला आयोग की सदस्य प्रतिभा कुशवाहा रहीं। पूर्व विधायक सिराथू शीतला प्रसाद पटेल, पूर्व विधायक चायल संजय कुमार गुप्ता, जिलाध्यक्ष भाजपा धर्मराज मौर्य सहित प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे। समारोह में अतिथियों एवं शिक्षकों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शिक्षक दिवस संबोधन का सजीव प्रसारण एकसाथ देखा।
समारोह में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. कमलेन्द्र कुमार कुशवाहा को राष्ट्रीय शैक्षिक योजना एवं प्रशासन संस्थान, नई दिल्ली द्वारा शैक्षिक प्रबंधन एवं नवाचार के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित पुरस्कार से सम्मानित किए जाने की गौरवमयी उपलब्धि से सभागार को अवगत कराया गया। इसके साथ ही राष्ट्रपति के हाथों राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार प्राप्त करने वाली शालिनी कुशवाहा एवं मुख्यमंत्री द्वारा राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित सुमन कुशवाहा का विशेष अभिनंदन किया गया। जनपद के प्रत्येक विकासखंड से चयनित 15-15 शिक्षकों सहित कुल 120 उत्कृष्ट शिक्षकों को अंगवस्त्र, स्मृति-चिह्न एवं प्रशस्ति-पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल एवं मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी के मार्गदर्शन में जिले की शिक्षा व्यवस्था में हो रहे गुणात्मक सुधारों की सराहना की। अंत में शिक्षकों ने गुणवत्तापूर्ण एवं समावेशी शिक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का संकल्प लिया और राष्ट्रगान के साथ समारोह का गरिमामय समापन हुआ।
संबंधित समाचार: त्योहारों को लेकर पुलिस अधीक्षक सतर्क
स्रोत: प्रशासन

Comments
Post a Comment