
कौशाम्बी। आगामी त्योहारों के मद्देनजर जनपद में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक सत्य नारायण ने कौशाम्बी पुलिस को हाई अलर्ट कर दिया है। पुलिस कार्यालय सभागार में आयोजित समीक्षा गोष्ठी में उन्होंने अपराध नियंत्रण, प्रिवेंटिव पुलिसिंग, त्योहारों की सुरक्षा, सड़क सुरक्षा और साइबर अपराधों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक सत्य नारायण ने अपराध होने से पहले ही अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई करने पर जोर देते हुए गुंडा एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और हिस्ट्रीशीटरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा सक्रिय चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए। गंभीर अपराधों में शामिल आरोपियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने की हिदायत दी गई। त्योहारों के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों, धार्मिक स्थलों, बाजारों और प्रमुख चौराहों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, नियमित गश्त और चेकिंग बढ़ाने के साथ असामाजिक तत्वों पर समय रहते निरोधात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने ओवरस्पीडिंग, गलत दिशा में वाहन चलाने, बिना हेलमेट और सीट बेल्ट के विरुद्ध सघन अभियान चलाने तथा स्कूल वाहनों की नियमित जांच कराने के निर्देश दिए। साइबर ठगी की रोकथाम के लिए आमजन को जागरूक करने और साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर भी जोर दिया गया। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक अमिता सिंह, समस्त क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
स्रोत: प्रशासन
Comments
Post a Comment