कौशाम्बी। जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल के निर्देश पर जनपद कौशाम्बी में 9 सितंबर से 8 अक्टूबर 2026 तक राष्ट्रीय पोषण माह का आयोजन किया जा रहा है। राज्य परियोजना निदेशक, पोषण अभियान, उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार वर्ष 2018 से प्रत्येक वर्ष सितंबर माह में यह अभियान मनाया जाता है। इसका उद्देश्य प्रधानमंत्री के ‘सुपोषित भारत’ के विजन को साकार करना है। इस वर्ष पोषण माह की मुख्य थीम ‘हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ रखी गई है।

जिला कार्यक्रम अधिकारी संतोष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि अभियान के तहत पोषण, देखभाल एवं बाल विकास के लिए सामुदायिक नेतृत्व वाली गतिविधियों पर जोर दिया जा रहा है। आंगनबाड़ी केंद्रों को स्थापित करने, जनसामान्य में इनके प्रति स्वामित्व एवं जवाबदेही की भावना विकसित करने तथा पोषण माह की पांच प्रमुख थीम पर गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें आंगनबाड़ी केंद्रों पर ताजा पका भोजन, सामुदायिक स्वामित्व एवं जवाबदेही, बाल विकास हेतु पोषण एवं प्रारंभिक उद्दीपन, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना सहित अन्य गतिविधियां शामिल हैं।
अभियान के अंतर्गत साप्ताहिक रूप से पोषण मेला, रेसिपी प्रदर्शन, प्रोटीनयुक्त खाद्य प्रतियोगिता, ईसीसीई दिवस, होम विजिट, वीएचएसएनडी, हॉट कुक्ड मील मेन्यू रोटेशन, सामुदायिक भागीदारी, टीकाकरण शिविर, साइकिल रैली, अन्नप्राशन एवं गोदभराई दिवस जैसी गतिविधियां जिले के ब्लॉक एवं आंगनबाड़ी केंद्र स्तर पर आयोजित की जाएंगी।
संबंधित समाचार: रसोइयों के मानदेय से जुड़ी खबर पढ़ें
स्रोत: सूचना विभाग
Comments
Post a Comment