कौशाम्बी। आयुष विभाग, उत्तर प्रदेश के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु' ने 50 शैयायुक्त एकीकृत आयुष चिकित्सालय, सिराथू का निरीक्षण किया। उन्होंने रजिस्ट्रेशन काउंटर के निरीक्षण के दौरान अस्पताल में उपचार हेतु आए मरीजों की संख्या की जानकारी प्राप्त कर आवश्यक निर्देश दिए।
राज्यमंत्री ने मेडिसिन कक्ष का निरीक्षण कर दवाओं की उपलब्धता एवं वितरण की स्थिति की जानकारी ली तथा लैब कक्ष में मरीजों की की जा रही विभिन्न जांचों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से वार्ता कर उनके स्वास्थ्य एवं उपचार की जानकारी भी ली। उन्होंने चिकित्सा अधीक्षक डॉ. हर्षुल गौतम को निर्देशित किया कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जाए तथा उनकी सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए, साथ ही आयुष के प्रति व्यापक जन-जागरूकता भी सुनिश्चित की जाए। राज्यमंत्री ने अस्पताल परिसर में स्थापित हर्बल गार्डन का भी अवलोकन किया और चिकित्सा अधीक्षक को निर्देशित किया कि अस्पताल भवन की रंगाई-पुताई हेतु आवश्यक धनराशि के लिए शासन को पत्र प्रेषित किया जाए।

Comments
Post a Comment