कौशाम्बी में विकास कार्यों की समीक्षा, उपमुख्यमंत्री ने लाभार्थियों को बांटे आयुष्मान कार्ड और ई-रिक्शा
कौशाम्बी। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मां शीतला अतिथि गृह, सयारा में जनपद के अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों की समीक्षा की और आईजीआरएस शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, भूमि विवादों के प्रभावी समाधान एवं पात्र नागरिकों को योजनाओं से लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि विकास कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से शीघ्र पूर्ण कराया जाए तथा आईजीआरएस के अंतर्गत प्राप्त शिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण की स्थिति का सत्यापन कराया जाए और लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कार्मिक के विरुद्ध कार्रवाई भी की जाए। जिला समाज कल्याण अधिकारी से पेंशन लाभार्थियों की जानकारी लेते हुए उन्होंने छूटे हुए पात्र नागरिकों को लाभान्वित करने तथा सर्वे कराकर दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राई साइकिल प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत छूटे हुए पात्र नागरिकों को भी लाभान्वित करने को कहा।
उपमुख्यमंत्री ने नियमानुसार लंबे समय से एक ही तहसील में तैनात कार्मिकों का स्थानांतरण करने, भूमि विवादों का प्रभावी निस्तारण करने तथा नियमित रूप से ग्राम चौपाल आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक विकास खंड में स्वयं सहायता समूह की बड़ी इकाई स्थापित करने तथा चकमार्ग व खलिहान जैसी सरकारी भूमियों पर हुए अवैध अतिक्रमण को अभियान चलाकर हटवाने के निर्देश भी दिए।
जल जीवन मिशन के अंतर्गत कराए जा रहे कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जिन गांवों में कार्य पूर्ण हो चुका है, वहां शत-प्रतिशत घरों में जलापूर्ति हो रही है या नहीं, इसका सत्यापन कराया जाए। उन्होंने पीएम सूर्यघर योजना के अंतर्गत आवंटित लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति सुनिश्चित करने तथा आमजन को जागरूक करने के निर्देश दिए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को निराश्रित गोवंशों को गौशालाओं में संरक्षित कराने के निर्देश दिए गए, ताकि कोई भी निराश्रित गोवंश सड़क पर घूमता हुआ न पाया जाए।
इसी क्रम में उपमुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों ज्ञानमती, पार्वती, अनीता, तिरसिया, सुनीता व निशा देवी को स्वीकृति प्रमाण पत्र प्रदान किए तथा आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों ननकैया, अशोक कुमार व लक्ष्मी देवी को आयुष्मान कार्ड प्रदान किए। उन्होंने विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के लाभार्थियों सीमा एवं रंजना को टूलकिट तथा मुख्यमंत्री ग्राम उद्योग रोजगार योजना के अंतर्गत स्वयं सहायता समूह की दीदियों ममता देवी, ममता एवं सावित्री देवी को ई-रिक्शा प्रदान कर हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
उपमुख्यमंत्री ने पीएमएफएमई योजना के अंतर्गत कुबेर चन्द्र को नमकीन फैक्ट्री लगाने के लिए 75 लाख रुपए का डमी चेक प्रदान किया। इसके अतिरिक्त जय मां आनंदी स्वयं सहायता समूह को 07 लाख रुपए, खुशी महिला स्वयं सहायता समूह को 10 लाख रुपए, इश्यू महिला स्वयं सहायता समूह को 05 लाख रुपए, सम्राट महिला स्वयं सहायता समूह को 10 लाख रुपए एवं मां दुर्गा महिला स्वयं सहायता समूह को 04 लाख रुपए का स्वीकृति प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना सोनकर, विधायक चायल पूजा पाल, भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य, अवधेश गुप्ता तथा निवर्तमान विधायक संजय कुमार गुप्ता, लाल बहादुर व शीतला प्रसाद उर्फ पप्पू पटेल, उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग सदस्य प्रतिभा कुशवाहा, नगर पालिका परिषद मंझनपुर अध्यक्ष वीरेन्द्र फौजी, भरवारी अध्यक्ष कविता पासी, नगर पंचायत अझुवा अध्यक्ष शांति देवी, शिव मोहन मौर्य, चन्द्रदत्त शुक्ला व भोले शंकर तथा जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल, पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण एवं मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
इनपुट - सूचना विभाग कौशाम्बी

Comments
Post a Comment