
कौशाम्बी। मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी की अध्यक्षता में उदयन सभागार में कृषि यंत्रों की ई-लाटरी का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 84 कृषकों का चयन विभिन्न कृषि यंत्रों पर अनुदान प्राप्त करने के लिए हुआ।
वित्तीय वर्ष 2026-27 में इन-सीटू प्रबंधन एवं कृषि यंत्रीकरण से जुड़ी योजनाओं के अंतर्गत कृषि यंत्रों का लाभ प्राप्त करने के लिए कृषकों ने दर्शन पोर्टल पर ऑनलाइन बुकिंग की थी। इन योजनाओं के तहत कस्टम हायरिंग सेंटर, रोटावेटर, सुपर एस.एम.एस. सहित कम्बाइन हार्वेस्टर एवं मल्टी क्रॉप थ्रेशर जैसे यंत्रों के लिए आवेदन किए गए थे। लक्ष्य से अधिक आवेदन प्राप्त होने वाले यंत्रों के लिए कृषि यंत्रीकरण समिति द्वारा यंत्रवार ई-लाटरी कराई गई।
ई-लाटरी के माध्यम से विकास खण्ड मंझनपुर के गंगा प्रसाद तथा विकास खण्ड कौशाम्बी के शिव बाबू का चयन कस्टम हायरिंग सेंटर (परियोजना लागत 30 लाख रुपये) के लिए हुआ, जबकि विकास खण्ड सिराथू के अर्जुन का चयन सुपर स्ट्रा मैनेजमेंट सिस्टम युक्त कम्बाइन हार्वेस्टर के लिए हुआ। अन्य कृषकों का भी विभिन्न कृषि यंत्रों पर अनुदान का लाभ प्राप्त करने हेतु चयन हुआ। जनपद के 57 कृषकों का चयन ई-लाटरी के माध्यम से तथा 27 कृषकों का चयन लक्ष्य से अधिक आवेदन न प्राप्त होने पर स्वतः पुष्टि के माध्यम से हुआ, जिसकी सूचना चयनित कृषकों के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर स्वतः भेज दी गई है। निर्धारित अवधि तक पोर्टल पर बिल अपलोड न करने की स्थिति में चयनित कृषक का चयन स्वतः निरस्त हो जाएगा।
Comments
Post a Comment