
प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहने वाले कार्मिकों के विरूद्ध होगी कड़ी कार्रवाई
कौशाम्बी जिलाधिकरी अमित कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी शशिकांत त्रिपाठी एवं जिला सूचना विज्ञान अधिकारी रवीन्द्र कुमार जायसवाल की उपस्थिति में मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी कार्यालय कक्ष में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव-2021 में डयूटी पर लगाये गये मतदान कार्मिकों का प्रथम एवं द्वितीय रैण्डमाइजेशन का कार्य संपन्न हुआ। जिलाधिकारी ने बताया कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव-2021 में कुल 1737 बूथ हैं जिनके सापेक्ष 1915 पोलिंग पार्टियां बनायी गयी है। कार्मिकों का ड्यूटी प्रपत्र बुधवार तक सभी कार्मिकों को उपलब्ध करा दिया जायेगा। मतदान कार्मिकों का प्रशिक्षण नवीन मण्डी ओसा में 09 अप्रैल 2021 से 13 अप्रैल 2021 तक संपन्न होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि जिन कार्मिकों की ड्यूटी त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन-2021 में लगाई गयी है। वे प्रशिक्षण में अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर प्रशिक्षण प्राप्त करें, प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहने वालों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जायेगी।
डीएम ने निर्माण एजेन्सियां सहित अन्य योजनाओं की प्रगति के संबंध में की समीक्षा बैठक
कौशाम्बी जिलाधिकारी अमित कुमार सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित सम्राट उदयन सभागार में निर्माण एजेन्सियां, कायाकल्प, सार्वजनिक शौचालय, प्रधानमंत्री आवास शहरी एवं ग्रामीण, मनरेगा, उद्यान विभाग, पोषण अभियान एवं वन विभाग सहित अन्य विभागों की प्रगति की बिन्दुवार समीक्षा की। समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने कायाकल्प योजना के अन्तर्गत विद्यालयों का सौन्दर्यीकरण के कार्य को जल्द से जल्द पूर्ण कराये जाने का निर्देश दिया है। उन्होने सामुदायिक शौचालयों में समूह की महिलाओं का चयन कर शौचायलों के देखरेख की जिम्मेदारी का निर्देश दिया है। जिलाधिकारी ने गांव में खराब हैण्डपम्पों की जांच कराकर उनकी रिबोरिंग के साथ ही उनको तत्काल ठीक कराये जाने का निर्देश दिया है। उन्होंने सभी अधिशासी अधिकारियों नगर पंचायत व नगर पालिका को निर्देशित किया कि नगरीय क्षेत्रों में अपशिष्ट प्रबन्धन के तहत डोर-टू-डोर कलेक्शन कराकर निर्धारित स्थान पर अपशिष्ट पदार्थो को पहुंचाना सुनिश्चित करें। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी शशिकांत त्रिपाठी, अर्थ एवं संख्याधिकारी श्रवण कुमार सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी श्री गोपाल जी ओझा सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
अग्निकांड से बचाव हेतु क्या करें, क्या न करें
कौशाम्बी अपर जिलाधिकारी (वि0रा0) मनोज ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से अवगत कराया है कि गर्मी के दिनों में जब पछुआ हवा चलती है तो हमारे गांवो में आगलगी की घटनायें बड़े पैमाने पर होती हैं। हमारे घर, खेत, खलिहान एवं जान माल को आगलगी से भारी क्षति पहुॅचती है। अग्निकांड से बचाव हेतु क्या करें-रसोई घर यदि फूस का हो तो उसकी दीवाल पर मिट्टी का लेप अवश्य लगा दें, रसोई घर की छत ऊॅची रखी जाये, आग बुझाने के लिए घर में बोरे में भरकर बालू अथवा मिट्टी तथा दो बाल्टी पानी अवश्य रखें, हवन आदि का कार्य सुबह 9 बजे से पहले संपन्न कर लें, शार्ट सर्किट की आग से बचने के लिए बिजली वायरिंग की समय पर मरम्मत करा लें, मवेशियों को आग से बचाने के लिए मवेशी घर के पास पर्याप्त मात्रा में पानी का इंतजाम रखें एवं उनकी निगरानी अवश्य करते रहें, पटाखे जलाते समय पानी की बाल्टी तथा रेत की पर्याप्त व्यवस्था रखें, आग लगने पर सर्वप्रथम समुदाय के सहयोग से आग बुझाने का प्रयास करें, आवश्यकता होने पर आग बुझाने हेतु फायर बिग्रेड (101 नम्बर) एवं प्रशासन को तुरंत सूचित केरं एवं उन्हें सहयोग करें। क्या न करें-दीपक, मोमबत्ती, लालटेन को ऐसी जगहों पर न रखें जहां से गिरकर आग लगने की सम्भावना हो, कटनी के बाद खेत में छोड़े डंठलों में आग नहीं लगायें, घर में किसी भी उत्सव के लिए लगाये कनात अथवा टेन्ट के नीचे से बिजली के तार को न ले जायें, जहां पर सामूहिक भोजन बनाने इत्यादि का कार्य हो वहां पर दो से तीन ड्रम पानी अवश्य रखें, भोजन बनाने का कार्य तेज हवा के समय नहीं करें, जलती हुई माचिस की तीली अथवा अधजली बीड़ी एवं सिगरेट पीकर इधर-उधर न फेकें एवं सार्वजनिक स्थलों, ट्रेनों एवं बसों आदि में ज्वलनशील पदार्थ लेकर न चलें।


Comments
Post a Comment