आरक्षण सूची जारी, सियासी माहौल गर्म
कौशाम्बी आरक्षण सूची जारी होने का लोगों को बेसब्री से इंतजार था। बुधवार को सूची जारी हुई तो दिग्गजों के होश उड़ गए। ज्ञात हो कि साल भर से चुनाव लड़ने की उनकी पूरी मेहनत पर पानी फिर चुका था। आरक्षण की ऐसी मार पड़ी है जिसको वह नहीं बता पा रहे हैं न ही छिपा पा रहे हैं। सारी तैयारियां धरी की धरी रह गई हैं। वहीं दूसरे दावेदार जश्न मना रहे हैं। सूची जारी होने के बाद से गांव में सियासी माहौल गर्म हो चुका है। आरक्षण की सूची मंगलवार को जारी होनी थी। किन्हीं कारणों से सूची जारी नहीं हो सकी है। बुधवार को करीब ग्यारह बजे सूची विकास भवन में चस्पा की गई। इसके बाद सभी ब्लॉकों में सूची चस्पा की गई। प्रधानी व जिला पंचायत सदस्य के लिए मेहनत कर रहे अधिकतर लोगों को मायूसी मिली। दिग्गजों को आरक्षण ने तगड़ी चोट दी है। आरक्षण को लेकर जिले भर में दिनभर चर्चाएं जारी रहीं।
महिलाओं को 149 सीट मिली , 229 सीट आरक्षित
कौशाम्बी ग्राम पंचायतों के आरक्षण की सूची बुधवार को जारी हो गई। 451 सीटों में से 229 सीट आरक्षित हो गई हैं। अनारक्षित 222 सीटें हैं। महिलाओं को 149 सीटें मिली हैं। सूची जारी होने के बाद से गांवों में चुनाव को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। कौन जीतेगा और कौन हारेगा, इसको लेकर तमाम तरह की कयासबाजी हो रही है। पता हो कि जनपद में 451 ग्राम पंचायतें हैं। बुधवार को आरक्षण की सूची जारी हुई। 229 सीटें आरक्षित हुई हैं। अनुसूचित जाति व पिछड़ी जाति के लिए सीटों का आरक्षण किया गया है। अनारक्षित 222 सीट हैं। इस चुनाव में अबकी महिलाओं की मजबूत भागीदारी रहेगी। महिलाओं के लिए 149 सीटें हैं। इससे महिलाओं में खुशी है। सूची जारी होने के बाद से महिला दावेदारों के नाम भी सामने आने लगे हैं। हालांकि बहुत से लोग आरक्षण को लेकर खुश नहीं है। वह आपत्ति दाखिल करने की बात कर रहे हैं। आरक्षण की सूची जारी करने के बाद अब जिला प्रशासन ने चुनाव की तैयारियां तेज कर दी है। डीएम अमित कुमार सिंह ने अधिकारियों को हिदायत दी है कि चुनाव की तैयारियों में किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए।
महिला की जान बचाने में आरपीएफ जवान की मौत
कौशाम्बी भरवारी रेलवे स्टेशन पर मंगलवार रात प्लेटफार्म से नीचे एक महिला चक्कर खाकर गिर गई। वहां मौजूद आरपीएफ जवान ने महिला को उठाकर प्लेटफार्म पर फेंका, लेकिन वह प्रयागराज-मथुरा एक्सप्रेस की चपेट में आ गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। रेलवे ट्रैक पर गिरने से महिला के दोनों पैर जख्मी हो गए। महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जवान की मौत से परिजनों में हाहाकार मचा है। मालूम हो कि देवरिया के खुखंदू निवासी ज्ञानचंद्र (43) पुत्र लालजी आरपीएफ में सिपाही के पद पर तैनात था। ज्ञानचंद्र की तैनाती भरवारी रेलवे स्टेशन पर थी। मंगलवार रात करीब 11 बजे ज्ञानचंद्र प्लेटफार्म पर ड्यूटी में था। मिर्जापुर की निर्मला देवी प्लेटफार्म पर टहल रही थी। अचानक निर्मला चक्कर खाकर प्लेटफार्म से नीचे गिर गई। इसी दौरान प्रयागराज से मथुरा जाने वाली प्रयागराज-मथुरा स्पेशल एक्सप्रेस आ गई। आरपीएफ सिपाही प्लेटफार्म से नीचे कूदा और निर्मला को उठाकर बाहर फेंका, लेकिन वह अपनी जान नहीं बचा सका। ट्रेन उसके चीथड़े उड़ाते हुए निकल गई। वहां मौजूद रेलवेकर्मी हीरालाल ने इसकी जानकारी स्टेशन अधीक्षक अरविंद कुमार को दी तो वह मौके पर पहुंचे। नीचे गिरने से निर्मला के दोनों पैर जख्मी हो गए। उसको जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे की जानकारी होने पर आरपीएफ के आईजी देर रात भरवारी रेलवे स्टेशन पहुंचे। आरपीएफ सिपाही के शव को एसआरएन अस्पताल (प्रयागराज) पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
मासूम बालक की तालाब में डूबने से मौत
कौशाम्बी महेवाघाट कोतवाली के अढौली गांव में मंगलवार शाम बालक खेलते-खेलते घर के समीप तालाब में जा गिरा। गहरे पानी में डूबने से मासूम बालक की मौत हो गई। घंटे भर बाद परिजन तालाब में मासूम का शव देख रो पड़े। हादसे की जानकारी होते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मासूम बालक की मौत से परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है। पता हो कि अढौली निवासी रिंकू सरोज मजदूर है। तालाब के किनारे बने घर में वह परिवार के साथ रहता है। मंगलवार को वह घर पर नहीं था। पत्नी व परिवार के अन्य लोग घरेलू काम में व्यस्त थे। इसी दौरान रिंकू का बेटा सतीश (05) खेलते-खेलते तालाब के किनारे पहुंच गया और गहरे पानी में चला गया। गहरे पानी में डूबने से मासूम बालक की मौत हो गई। घटना की जानकारी परिजनों को करीब एक घंटे बाद हुई। बेटे को घर पर न पाकर परिजनों ने खोजबीन शुरू की तो शव तालाब में उतराता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
Comments
Post a Comment