घर में आग लगने से गृहस्थी जलकर राख
कौशाम्बी सैनी कोतवाली के शरीफाबाद गांव में सोमवार रात गरीब के घर में संदिग्ध दशा में आग लग गई। परिवार के लोग जान बचाकर शोर मचाते हुए घर से बाहर भागे। करीब दो घंटे बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया। आग से गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया। सूचना पर गांव पहुंचे एसडीएम ने पीड़ित परिवार को मदद का भरोसा दिलाया है। पता हो कि शरीफाबाद निवासी रमेश सरोज पुत्र भोंदी सोमवार रात परिवार के साथ घर पर सो रहा था। रात करीब दस बजे घर में संदिग्ध दशा में आग लग गई। लपटों को देख परिवार के लोग जान बचाकर बाहर भागे। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी फायर ब्रिगेड को देते हुए आग बुझाना शुरू किया। जब तक लोग आग पर काबू पाते घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो चुका था। घटना की जानकारी होने पर सुबह एसडीएम सदर प्रखर उत्तम, ईओ मनीष वर्मा पीड़ित के घर पहुंचे और परिवार के लोगों के लिए राशन आदि की व्यवस्था कराई। एसडीएम ने पीड़ित परिवार को मदद का भरोसा दिया है।
आरोपितों को पकड़ नहीं रही पुलिस
कौशाम्बी महेवाघाट के गांव के एक व्यक्ति ने एसपी से शिकायत करते हुए कहा कि उसकी 16 वर्षीय बेटी को गांव के ही लोगों ने गायब कर दिया है। पीड़ित ने आशंका जाहिर की है कि या तो उसकी बेटी को भेज दिया गया है या फिर उसकी हत्या कर दी गई है। लेकिन, अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ित का कहना है कि आरोपित जल्द गिरफ्तार न हुए तो बड़ी घटना हो सकती है।
सालों बाद दर्ज हुई दुराचार की एफआईआर
कौशाम्बी डेढ़ साल पहले युवक ने साथी की मदद से गांव की किशोरी को अगवा कर लिया था। किशोरी के साथ महीने भर तक दुराचार किया था। अदालत के आदेश पर मंगलवार को पुलिस ने आरोपित व उसके साथी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। मालूम हो कि
पिपरी कोतवाली के एक गांव की किशोरी को डेढ़ साल पहले पड़ोस के युवक ने साथी की मदद से अगवा कर लिया। इसके बाद उसके साथ महीने भर तक दुराचार किया। घर लौटी पीड़िता ने आपबीती परिजनों को बताई तो लोग सन्न रह गए। दूसरे दिन पीड़ित पिता शिकायत लेकर थाने गया। आरोप है कि पुलिस ने तहरीर लेने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की। पीड़ित पिता ने अदालत का दरवाजा खटखटाया। अदालत के आदेश पर मंगलवार को पुलिस ने आरोपित युवक व उसके साथी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
संदिग्ध दशा में सफाई कर्मचारी की मौत
कौशाम्बी सरायअकिल कोतवाली क्षेत्र के रक्सराई गांव में सोमवार रात एक सफाईकर्मी की संदिग्ध दशा में मौत हो गई। सुबह उसका शव घर के भीतर फंदे पर लटकता मिला। आननफानन में परिजनों ने रस्सी काटकर शव को नीचे उतारा और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पता हो कि रक्सराई निवासी छेदीलाल पुत्र भोलानाथ रिटायर शिक्षक हैं। बेटा अशोक कुमार (40) वर्ष प्रयागराज जनपद के मकनपुर गांव में सफाई कर्मचारी के पद पर तैनात था। अशोक शादीशुदा नहीं था और बड़े भाई महेश के परिवार के साथ रहता था। सोमवार शाम सात बजे अशोक ड्यूटी से घर आया और खाना खाकर अपने कमरे में सोने चला गया। मंगलवार सुबह देर तक नहीं उठने पर परिजनों ने कमरे के अंदर झांककर देखा तो अशोक का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। शव को फांसी से लटकते देख परिवारवालों में रोना पिटना मच गया। परिजनों ने रस्सी काटकर शव को नीचे उतारने के बाद पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
किसान से बदमाशों ने लूटे 25 हजार रुपये
कौशाम्बी कोखराज कोतवाली के सिघियां भरवारी के समीप बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने साइकिल सवार किसान से 25 हजार रुपये लूट लिये। सरेराह वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश भाग निकले। लूट की सूचना मिलते ही एसपी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अफसरों ने बाजार की दर्जनों दुकानों में लगे सीसीटीवी फुटेज को देखा लेकिन, सफलता नहीं मिली। किसान की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। मालूम हो कि कोखराज कोतवाली के टीकरडीह निवासी सूरजदीन पुत्र बद्री प्रसाद किसान है। मंगलवार को सूरजदीन बेटे विपिन (11) को लेकर साइकिल भरवारी बैंक पैसा निकालने गया था। बताया जा रहा है कि वह बैंक से 25 हजार रुपये निकालने के बाद साइकिल से घर लौट रहा था। जैसे ही वशिष्ठ गेस्ट हाउस के पास पहुंचा इसी दौरान पीछे से आए बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने सरेराह किसान से पैसे से भरा बैग छीन लिया। इसके बाद धक्का देकर गिराते हुए भाग निकले। सरेराह किसान से लूट की जानकारी होते ही नगर पालिका परिषद में सनसनी फैल गई। पुलिस अधीक्षक अभिनंदन इंटलीजेंस विंग व एसएचओ कोखराज के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। पुलिस ने बैंक से लेकर घटना स्थल तक दुकानों में लगे एक-एक सीसीटीवी फुटेज को खंगाला। इसके अलावा बदमाशों की तलाश में नाकेबंदी भी की गई। लुटेरों का कहीं सुराग नहीं लगा। पुलिस ने पीड़ित किसान की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मुदकमा दर्ज करा दिया गया है।
दबंग नही करने दें रहे मकान निर्माण, शिकायत
कौशाम्बी पिपरी के पेराई गांव में महिला के पट्टे की भूमि पर दबंग मकान नहीं बनने दे रहे हैं। विरोध करने पर वह गाली गलौज कर मारने की धमकी दे रहे हैं। पीड़िता ने मंगलवार को एसडीएम से मामले की शिकायत की है। उसे घर बनाने के लिए आवासीय पट्टा मिला था। उसी भूमि पर वह मकान का निर्माण कर रही है। पड़ोस का एक दबंग अपने पांच साथियों के संग पहुंचे और निर्माण का विरोध कर गाली गलौज करने लगे। विरोध पर महिला को जान से मारने की धमकी दी पीड़ित ने मंगलवार को एसडीएम से शिकायत की है। एसडीएम ज्योति मौर्य ने इंस्पेक्टर विजय राय को कार्रवाई का निर्देश दिया है।
Comments
Post a Comment