एआरटीओ कार्यालय में लाखों के घोटाले की जांच शुरू
कौशाम्बी एआरटीओ कार्यालय में लाखों रुपये के घोटाले की जांच शुरू हो गई है। इस प्रकरण की जांच कानपुर के एआरटीओ कर रहे हैं। जांच के लिए आरटीओ ने संबंधित अभिलेख भी मांगे हैं। आरोप है कि एक बाबू ने जुर्माना, फीस आदि के रुपये में हेराफेरी की है। इस मामले में पहले से एफआईआर दर्ज है। पता हो कि एआरटीओ कार्यालय में बड़े पैमाने पर घोटाला हुआ है। लाखों रुपये की हेराफेरी हुई है। सरकारी रुपये का बंदरबांट किया गया है। आशंका है कि करीब 40 लाख रुपये का गबन किया गया है। पूर्व में तैनात वरिष्ठ सहायक लिपिक राजेश श्रीवास्तव पर आरोप है कि उनके कार्यकाल में यह धांधली हुई है। चालान व सीज वाहनों का जुर्माना नहीं किया गया है। कई मदों की रकम नहीं जमा कराई गई और वाहनों को रिलीज किया गया है। एआरटीओ शंकरजी सिंह ने वरिष्ठ सहायक लिपिक के खिलाफ मंझनपुर कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही थी। जांच में पुलिस के स्तर से लापरवाही शुरू से ही चल रही है। प्रकरण को शासन ने गंभीरता से लेते हुए कानपुर के आरटीओ संजय सिंह को पूरे मामले की जांच सौंपी है। जांच के लिए जांच अधिकारी ने एआरटीओ शंकरजी सिंह से लिपिक राजेश श्रीवास्तव के खिलाफ शासन को भेजे गए आरोप पत्र की प्रतिलिपि मांगी है। इससे हड़कंप मचा हुआ है। जांच शुरू होने से विभाग के कई कर्मचारियों की गर्दन पर तलवार फंसी हुई है।
पीछे बैठी सवारी को भी लगाना होगा हेलमेट
कौशाम्बी यातायात नियमों में बड़े बदलाव किए गए हैं। नियमों में हुए बदलाव जल्द ही प्रभावी होंगे। इसकी तैयारी हो रही है। अब पीछे बैठी सवारी को भी हेलमेट लगाना होगा। बच्चे हों या बुजुर्ग सभी को इन नियमों का पालन करना होगा। वहीं सिग्नल तोड़ने व विपरीत दिशा से आकर एक्सीडेंट करने वालों को जेल भेजने की भी व्यवस्था की गई है। ज्ञात हो कि यातायात नियमों में बड़ा परिवर्तन किया गया है। बदले हुए नियमों का बड़ा असर भी दिखने वाला है। लोगों को अब भारी भरकम जुर्माना देना होगा। इसके अलावा उन्हें जेल की हवा भी खानी पड़ सकती है। मुरादाबाद से इसकी शुरूआत हो चुकी है। अब जिले में भी इस नई व्यवस्था की शुरूआत होने जा रही है। सबसे पहले हेलमेट न लगाने वालों पर गाज गिरेगी। हेलमेट वाहन चलाने वाले को अनिवार्य रूप से लगाना ही पड़ेगा। यदि पीछे बैठी सवारी ने हेलमेट नहीं लगाया है, तब भी वाहन का चालान होगा और जुर्माना वसूला जाएगा। महिला, बच्चे, बुजुर्ग कोई भी हो, सबको हेलमेट लगाकर पीछे की सीट पर बैठना होगा। हेलमेट न लगाने पर एक हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। यही हाल पीछे बैठने वाली सवारी पर होगा। विपरीत दिशा से आ रहे वाहन से यदि हादसा होता हौ और किसी की मौत होती है अब धारा 304 में मुकदमा दर्ज होगा। पुलिस इस मामले में चार्जशीट भेजेगी। इसमें दस साल की सजा का प्रावधान है। सिग्नल तोड़ने पर हादसा हुआ तो भारी भरकम जुर्माना देना पड़ेगा। कई नियमों में भारी फेरबदल हुआ है। इससे सीधे वाहन चालक प्रभावित होंगे। यही कारण है कि जिला प्रशासन जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को लगातार जागरूक कर रहा है। इसके बावजूद लोग मनमानी पर उतारू हैं, जिसका परिणाम उन्हें आने वाले दिनों में भुगतना पड़ेगा।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने समाधान दिवस की कार्यवाही का लिया जायजा
कौशाम्बी जिला अधिकारी अमित कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने थाना सराय अकिल पहुंचकर जन समस्याओं की सुनवाई की समाधान दिवस के अवसर पर सराय अकिल थाने से 3 शिकायतें प्राप्त हुई। जिसमें 2 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के निस्तारण के लिए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता पूर्ण ढंग से शिकायतों का निस्तारण करने का निर्देश दिए हैं। जिला अधिकारी ने कहा कि लोगों के साथ अच्छा व्यवहार करते हुए उनकी समस्याओं को सुनकर न्यायोचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। कहा कि जन समस्याओं के निस्तारण के लिए आवश्यक है कि शिकायतकर्ता शिकायत के निस्तारण से संतुष्ट भी हो। उन्होंने राजस्व से संबंधित शिकायतों के निस्तारण के लिए राजस्व विभाग एवं पुलिस की संयुक्त टीम बनाकर तथा मौके मुआयना करते हुए शिकायतों को गुणवत्ता के साथ निस्तारित करने के निर्देश दिए हैं।
Comments
Post a Comment